पलामू : झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के परिवार से जुड़ी एक बड़ी घटना सामने आई है. हजारीबाग थाना क्षेत्र के अमृत नगर पूजा पंडाल के पास दुर्गा पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान उनकी पुत्रवधू और पलामू जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) प्रीति किस्को व उनके ड्राइवर के साथ मारपीट और बदसलूकी की गई.

पलामू में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की बहू सह पलामू DSO व ड्राइवर के साथ मारपीट, पूजा समिति के खिलाफ FIR दर्ज

सूत्रों के अनुसार, प्रीति किस्को गिरिडीह से रांची लौट रही थीं. इसी दौरान उनकी गाड़ी जुलूस में फँस गई. ड्राइवर ने लोगों से रास्ता खाली करने का आग्रह किया, लेकिन विवाद बढ़ गया. आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने गाड़ी रोककर ड्राइवर की पिटाई कर दी. बीच-बचाव करने उतरीं प्रीति किस्को के साथ भी गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया.

घटना के बाद उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दी. दर्ज एफआईआर में स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि उनके और ड्राइवर दोनों के साथ मारपीट व बदसलूकी हुई. जानकारी के मुताबिक, जब मामला बड़े अधिकारियों तक पहुँचा तो पूरे पूजा समिति के खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज कर दी गई.

फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है. हालांकि घटना बाबूलाल मरांडी के परिवार से जुड़ी होने के कारण इसका राजनीतिक असर भी दिखने लगा है.

पलामू से नितेश तिवारी की रिपोर्ट--