JHARKHAND NEWS : मिथिलेश हत्याकांड का एसपी ने प्रेसवार्ता कर किया खुलासा, दो गिरफ्तार
:गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र में हेसला निवासी मिथिलेश यादव उर्फ छोटी यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि मामले में होटल संचालक महेश रजक और होटल स्टाफ सीमा ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी और सब्बल भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक 14 अगस्त की सुबह मिथिलेश यादव की हत्या की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ बगोदर-सरिया के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। मृतक के भाई अशोक यादव के आवेदन पर बगोदर थाना कांड संख्या 161/26 दर्ज कर जांच शुरू हुई।
तकनीकी साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि 13 और 14 अगस्त की रात मिथिलेश यादव शराब के नशे में घाघरा स्थित रिंकू होटल पहुंचा था, जहां बीयर को लेकर होटल संचालक और स्टाफ से उसका विवाद हुआ।बताया कि पुरानी रंजिश के चलते दोनों आरोपियों ने उसका पीछा किया और सर्विस रोड के पास टांगी व सब्बल से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।आरोपियों की निशानदेही पर टांगी,सब्बल, मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किया गया है।





