Hindi News / कानून सबके लिए बराबर,किसी के लिए भी कोई विशेष संविधान नहीं-कांग्रेस

झारखंड बीजेपी के बायन पर राजनीति : कानून सबके लिए बराबर,किसी के लिए भी कोई विशेष संविधान नहीं-कांग्रेस

Edited By:  |
jharkhand bjp k bayan par rajniti jharkhand bjp k bayan par rajniti

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश सचिव सह प्रदेश प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने बीजेपी के बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव के बयान तथ्यों से परे,भ्रामक और राजनीतिक सहानुभूति बटोरने का असफल प्रयास बताया है. उन्होंने कहा कि पार्टी हर उस कार्रवाई को "लोकतंत्र पर हमला" बताने लगती है,जो कानून के दायरे में होती है.क्या बीजेपी यह कहना चाहती है कि उसके नेताओं पर कानून लागू नहीं होना चाहिए?

माहौल बिगाड़ना बीजेपी की पुरानी राजनीतिक संस्कृति रही

ऋषीकेश सिंह ने कहा कि यदि किसी कार्रवाई में विधिक प्रक्रिया का उल्लंघन हुआ है तो न्यायालय और सक्षम संस्थाएं मौजूद हैं,लेकिन जांच पूरी होने से पहले पुलिस,प्रशासन और सरकार पर मनगढ़ंत आरोप लगाकर माहौल बिगाड़ना बीजेपी की पुरानी राजनीतिक संस्कृति रही है.बीजेपी को कानून पर भरोसा नहीं, केवल राजनीतिक शोर मचाने पर भरोसा है.

'बीजेपी बार-बार "फर्जी मुकदमे" की बात करती'

ऋषीकेश सिंह ने कहा कि बीजेपी बार-बार "फर्जी मुकदमे" की बात करती है,लेकिन यदि मुकदमे वास्तव में फर्जी हैं तो अदालत से राहत लेने के बजाय प्रेस कॉन्फ्रेंस और मीडिया ट्रायल क्यों किया जा रहा है?कानून का फैसला अदालत करेगी, बीजेपी का आईटी सेल नहीं.

जामताड़ा की घटना पर सियासत

ऋषीकेश सिंह ने कहा कि जामताड़ा की दुखद घटना अत्यंत संवेदनशील है और सरकार ने इसकी जांच की प्रक्रिया शुरू की है. यदि चिकित्सकीय लापरवाही हुई है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी,लेकिन किसी भी दुखद घटना की आड़ में अस्पताल में हंगामा, सरकारी संपत्ति को नुकसान या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती. कांग्रेस भी हिंसा और तोड़फोड़ का समर्थन नहीं करती.

केंद्र सरकार पर भी निशाना

ऋषीकेश सिंह ने कहा कि बीजेपी स्वास्थ्य मंत्री पर आरोप लगाने से पहले यह बताए कि देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति सुधारने के लिए केंद्र सरकार ने झारखंड को कितना सहयोग दिया? बीजेपी को झारखंड की चिंता तब याद आती है,जब उसे राजनीतिक अवसर दिखाई देता है. उन्होंनेकहा कि बीजेपी प्रशासन को "टूलकिट" बता रही है.जबकि पूरे देश ने देखा है कि केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल किस दौर में सबसे अधिक हुआ है. बीजेपी को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपना राजनीतिक इतिहास देखना चाहिए.

बीजेपी परवास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप

अंत में ऋषीकेश सिंह ने कहा कि बीजेपी जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए हर प्रशासनिक कार्रवाई को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही.झारखंड की जनता अब राजनीति को समझ चुकी है.कांग्रेस सरकार कानून के राज,निष्पक्ष जांच और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है.कानून अपना काम करेगा और किसी भी दोषी को केवल इसलिए संरक्षण नहीं मिलेगा कि वह किसी राजनीतिक दल का पदाधिकारी है.