Hindi News / "आपके घर का बना सामान अब दुनिया तक पहुंचेगा" – केंद्रीय मंत्री चिराग...

जीविका दीदियों को ई-कॉमर्स से जोड़ने की पहल : "आपके घर का बना सामान अब दुनिया तक पहुंचेगा" – केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान

Edited By:  |
jeevika didiyon ko e-commerse se jodne ki pahal jeevika didiyon ko e-commerse se jodne ki pahal

हाजीपुर : बिहार के हाजीपुर में पॉलिसी वॉच फाउंडेशन और फ्लिपकार्ट द्वारा शुक्रवार को एक कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान शामिल हुए.

कार्यशाला में उपस्थित जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आपके घरों में बनने वाला हर उत्पाद और वस्तु दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचे. उन्होंने पॉलिसी वॉच फाउंडेशन और फ्लिपकार्ट द्वारा आयोजित कार्यशाला में कहा कि फ्लिपकार्ट के साथ करार कर लिया गया है. इसके तहत अब आपके उत्पाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "लोकल फॉर वोकल" के सपने को साकार करेंगे. "पहले बाजार में खरीदार ढूंढने जाना पड़ता था. अब तकनीक और ई-कॉमर्स के जरिए एक मोबाइल से ही खरीदार आपके पास पहुंच जाता है. हमारा मकसद है आपके खाद्य पदार्थ और अन्य सामानों को देश-दुनिया तक पहुंचाना."

उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स कंपनियां अब स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए तैयार है.

केंद्रीय मंत्री ने जीविका दीदियों से अपील की है कि अगले एक साल में आप सभी उद्यमी बनेंगी और आने वाली पीढ़ी को एक नया जीवन मिलेगा.

हाजीपुर से पंकज चौहान की रिपोर्ट-