जमशेदपुर: दुर्गा पूजा के बाद मां दुर्गा की प्रतिमाओं के सुरक्षित और शांतिपूर्ण विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की जांच

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था,भीड़ प्रबंधन,यातायात नियंत्रण,अस्थायी बैरिकेडिंग,सीसीटीवी कैमरों और अग्निशमन उपकरणों की स्थिति की जांच की। इस दौरान घाटों पर तैनात पुलिसकर्मियों,होमगार्ड जवानों और अन्य संबंधित कर्मियों से भी बातचीत की गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरती जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

विसर्जन मार्गों की साफ-सफाई और रोशनी पर जोर

उपायुक्त राजीव रंजन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि विसर्जन मार्गों को साफ-सुथरा रखा जाए और रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही घाटों पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम दुरुस्त रखने को कहा गया।

प्रशासन का उद्देश्य है कि मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन पूरी श्रद्धा,शांति और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो तथा श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने की अपील

वरीय अधिकारियों ने विसर्जन के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों और अन्य कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी मुस्तैदी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने आम नागरिकों और पूजा समितियों से भी अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और विसर्जन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने में सहयोग दें।

जिले में300से अधिक दुर्गा पूजा आयोजन

जमशेदपुर जिले में 300 से अधिक स्थानों पर मां दुर्गा की पूजा आयोजित की जाती है। ऐसे में प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की, ताकि विसर्जन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

जमशेदपुर में बिनोद केशरी की रिपोर्ट