जमशेदपुर : सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में आस्था का सैलाब,चित्रेश्वर धाम में 1008 बेलपत्र से हुआ विशेष पूजन
जमशेदपुर:बहरागोड़ा में सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है. चित्रेश्वर धाम में भगवान भोलेनाथ की 1008 बेलपत्र से विशेष पूजा-अर्चना की गई. चित्रेश्वर धाम में भगवान भोलेनाथ के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा. पौराणिक चित्रेश्वर शिव मंदिर समेत सभी शिवालयों में पहली सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है.
सावन माह की पहली सोमवारी पर सुबह से ही बहरागोड़ा के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. शिव भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक,रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की. मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा. तीन राज्यों झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा की त्रिवेणी पर स्थित पौराणिक चित्रेश्वर शिव मंदिर में हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे हैं. भगवान शिव के शिवलिंग पर 1008 बेलपत्र अर्पित कर विशेष पूजा की गई.





