BIHAR NEWS: जमुई में 10वीं कक्षा के नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ सड़क पर बदसलूकी और छेड़खानी के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। 19 सितंबर की शाम कोचिंग के बाद फोटोशूट के लिए निकले दोनों को कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मामले को लेकर बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में सरकार से पूछा कि अगर घटना 19 सितंबर की है तो अब तक सभी आरोपित गिरफ्तार क्यों नहीं हुए। उन्होंने नाबालिगों के साथ हुई घटना में पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की।

मामले पर सत्तारूढ़ एनडीए के नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है। जेडीयू प्रवक्ता नवल शर्मा ने कहा कि बिहार में कानून का राज है और किसी भी कीमत पर मॉब जस्टिस की अनुमति नहीं दी जाएगी। बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने घटना की निंदा करते हुए आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही। बीजेपी प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर ने भी पुलिस से संवेदनशीलता और सख्ती के साथ जांच कर दोषियों को सजा दिलाने की मांग की।

इधर,राज्य महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने जमुई डीएम से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी और दोषियों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

जमुई एसपी विश्वजीत दयाल के अनुसार, पीड़िता के लिखित आवेदन पर पोक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वीडियो में छह लोग दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने अब तक तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट