हिमांशु सिंह हत्याकांड : आखिरी फरार आरोपी राघवेंद्र ने बिष्टुपुर थाना में किया आत्मसमर्पण
जमशेदपुर: शहर के बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में आखिरी फरार आरोपी राघवेंद्र ने बिष्टुपुर थाना में आत्मसमर्पण कर दिया है. इसके साथ ही इस मामले के सभी नामजद आरोपी अब पुलिस या न्यायिक हिरासत मे पहुंच चुके हैं. इससे पहले आरोपी राहुल दुबे ने भी थाने में सरेंडर किया था.राघवेंद्र के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस अब मामले की चार्जशीट तैयार करने और साक्ष्यों को अंतिम रूप देने मे जुट गई है.
गौरतलब हैं कि 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर हुए विवाद में करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह पर धारदार हथियार से हमला किया गया था. हमले में गंभीर रूप से घायल हिमांशु की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. घटना के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल उठे थे,जिसके चलते चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था,जबकि डीडी बार को भी सील कर दिया गया था.
पुलिस जांच के दौरान मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. वहीं, बीजेपी नेता एवं डीडी बार संचालक नीरज सिंह को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. हालांकि, इस चर्चित हत्याकांड को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग और राजनीतिक बयानबाजी अभी भी जारी है.





