Hindi News / लेवी वसूलने जा रहे तीन अपराधियों ने पुलिस पर की फायरिंग,जवाबी कार्रवाई में...

धनबाद में पुलिस मुठभेड़ : लेवी वसूलने जा रहे तीन अपराधियों ने पुलिस पर की फायरिंग,जवाबी कार्रवाई में प्रिंस खान के 2 गुर्गे घायल

Edited By:  |
dhanbad mein police muthbedh dhanbad mein police muthbedh

धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रिंस खान के भाई गोपी खान के दो गुर्गे को गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायलों की पहचान वासेपुर नूरी मस्जिद रोड निवासी इरफान आलम उर्फ टुन्ना और पुटकी निवासी नन्हे अंसारी के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, देर रात सूचना मिली थी कि गोपी खान के गुर्गे लेवी वसूलने के लिए बरवाअड्डा की ओर आने वाले हैं। सूचना पर बरवाअड्डा थाना की गश्ती टीम को अलर्ट किया गया। इसी दौरान बाइपास रोड से कुर्मीडीह होते हुए निरंकारी चौक की ओर एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बाइक सवार अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस गश्ती वाहन के आगे के शीशे पर लगी।

इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें इरफान और नन्हे के पैर में गोली लगी। दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े, जबकि तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल बरामद की हैं। घायल दोनों आरोपियों को तत्काल अस्पताल भेजा गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी मोहम्मद एस याकूब मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कुर्मीडीह-निरंकारी चौक मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया। रांची से एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

पुलिस के मुताबिक, इरफान के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह जेल से जमानत पर बाहर है। वहीं, नन्हे कुछ समय से इरफान के साथ सक्रिय था। पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे किससे लेवी वसूलने जा रहे थे।

पुलिस को दोनों आरोपियों के मोबाइल से गोपी खान से बातचीत के साक्ष्य मिलने की भी बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि लेवी वसूली के लिए उन्हें किस तरह के निर्देश दिए जा रहे थे। फरार तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।