PATNA : बिहार में डेंगू का क़हर जारी है। राजधानी पटना में एक दिन में शनिवार को डेंगू के 99 नए मरीज मिले हैं जबकि राज्य में यह संख्या 204 है। इसके साथ ही राज्य में डेंगू पीड़ितों की कुल संख्या 3301 हो गई है। इस साल एक जनवरी से 25 अक्टूबर तक मरीजों की कुल संख्या 6656 हो गई है।
बिहार में डेंगू और चिकनगुनिया का क़हर
शनिवार को कंकड़बाग में 15, पाटलिपुत्र में 22, अजीमाबाद में 16, एनसीसी में 11, बांकीपुर में नौ और पटना सिटी में तीन पीड़ित मिले। छह पीड़ितों की पहचान नहीं हो पाई। प्रखंडों में संपतचक में सबसे अधिक छह, फुलवारीशरीफ में चार, बाढ़ में दो जबकि नौबतपुर, मोकामा, फतुहा, बख्तियारपुर और दानापुर में एक पीड़ित मिले।
वहीं, दूसरी तरफ राज्य में कुल चिकनगुनिया पीड़ितों की संख्या अब 200 के पार पहुंच गई है। शनिवार को चिकनगुनिया पीड़ितों की संख्या 202 हो गई है। चिकनगुनिया के 16 नए पीड़ित मिले हैं। लगातार बढ़ती चिकनगुनिया मरीजों की संख्या से स्वास्थ्य महकमा हैरान है।
