दर्दनाक सड़क हादसा : मोतिहारी में ऑटो ने पिकअप में मारी टक्कर, 3 लोगों की मौत, 4 घायल
मोतिहारी : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के मोतिहारी से सामने आई है जहां ऑटो और पिकअप में जोरदार टक्कर हुई है. हादसे में एक बच्चा समेत 3 की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 4 लोग इस घटना में बुरी तरह घायल हो गए. यह दुर्घटना छपवा-बेतिया रोड के नायका टोला के पास की है.
बताया जा रहा है कि छपवा-बेतिया रोड के नायका टोला के समीप पिकअप वैन के पीछे जा रही टेम्पो अनियंत्रित होकर उसमें जोरदार टक्कर मारी जिससे टेम्पो के परखच्चे उड़ गए. हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. घटना कि बाद मौके पर पुलिस पहुंच कर तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. सभी 4 घायल बेतिया के रहने वाले बताये जाते हैं.
मोतिहारी से अमित कुमार की रिपोर्ट--





