साइबर अपराध पर लगाम लगाने की कवायद तेज : पटना डीएम ने सिम कार्ड की खरीद-बिक्री पर बढ़ाई सख्ती
पटना: बिहार में साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और बैंकिंग धोखाधड़ी पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सिम कार्ड की खरीद-बिक्री को लेकर सख्ती बढ़ा दी है.पटना डीएम कुंदन कुमार ने पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि सिम कार्ड बेचने वाले सभी विक्रेता सरकार द्वारा निर्धारित केवाईसी (KYC) और सत्यापन संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फर्जी दस्तावेजों पर जारी सिम कार्ड पर रोक लगाने की कवायद तेज
प्रशासन का मानना है कि फर्जी दस्तावेजों पर जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर ठगी,डिजिटल अरेस्ट, बैंक फ्रॉड और अन्य ऑनलाइन अपराधों में किया जाता है.इसे रोकने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में सिम विक्रेताओं की नियमित जांच और निगरानी की जाएगी. पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी थानों में साइबर हेल्पडेस्क किए जाएंगे स्थापित
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के सभी थानों में साइबर हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएंगे, ताकि साइबर ठगी के शिकार लोगों को तुरंत सहायता मिल सके. इसके अलावा जिला स्तरीय बैंकिंग समन्वय समिति की बैठकों में साइबर अपराध और बैंक धोखाधड़ी के मामलों की नियमित समीक्षा की जाएगी.
साइबर अपराध के खिलाफ चलेगाविशेष अभियान
साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के लिए स्कूलों,कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा. छात्रों और आम लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने, संदिग्ध कॉल या लिंक से सावधान रहने और साइबर सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी जाएगी.
प्रत्येक मंगलवार को 'साइबर मंगलवार' के रूप में मनाने का निर्देश
जिलाधिकारी ने जिले में प्रत्येक मंगलवार को 'साइबर मंगलवार' के रूप में मनाने का भी निर्देश दिया है। इस दिन विशेष जागरूकता अभियान, सहायता शिविर और साइबर सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि जागरूकता, सख्त निगरानी और नियमों के पालन से ही साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।





