बोकारो के जोनल आईजी का तबादला : सुनील भास्कर की जगह शैलेंद्र कुमार सिंह नियुक्त,पुष्पा मामले को लेकर ट्रांसफर
बोकारो: शहर में चर्चित पुष्पा हत्याकांड मामले को लेकर बोकारो के जोनल आईजी सुनील भास्कर का तबादला कर दिया गया है. उनके स्थान पर शैलेंद्र कुमार सिंह को नई जोनल आईजी नियुक्त किया गया है. पदभार ग्रहण करने के बाद पुष्पा हत्याकांड पर प्रतिक्रिया देते हुए आईजी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इस मामले की मॉनिटरिंग उच्च न्यायालय द्वारा की जा रही है.
उन्होंने बताया कि मामले को लेकर उनकी नए एसपी से भी बातचीत हुई है और पूरे रिकॉर्ड के साथ उन्हें बुलाया गया है, ताकि इस केस की गहराई से जानकारी ली जा सके. आईजी ने कहा कि इस मामले में क्या कदम उठाए जाने हैं और क्या नहीं, इसका बारीकी से आंकलन किया जाएगा.
आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने स्वीकार किया कि गलतियां हो सकती हैं, लेकिन इस मामले में किस तरह की खामियां रहीं, इसकी भी विस्तृत पड़ताल की जाएगी. उन्होंने आश्वस्त किया है कि पुष्पा हत्याकांड को लेकर उच्च न्यायालय के जो भी दिशा-निर्देश हैं, उनका पालन पूरी सख्ती और गंभीरता के साथ किया जाएगा.





