गोपालगंज : रामनवमी के पावन अवसर पर गोपालगंज में भव्य और शांतिपूर्ण माहौल में शोभायात्रा का सफल आयोजन किया गया. भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में निकाली गई इस शोभायात्रा में पूरे जिले के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

गोपालगंज में शांतिपूर्ण माहौल में निकली भव्य रामनवमी शोभायात्रा,  दिखी आस्था और एकता की झलक

श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. जय श्रीराम के नारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा, वहीं भक्तिमय माहौल ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया. इस दौरान जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. जिला पदाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट के साथ भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. सुरक्षा व्यवस्था इतनी सुदृढ़ थी कि पूरे कार्यक्रम के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या अशांति की खबर नहीं आई. शोभायात्रा के दौरान सदर एसडीपीओ, एसडीएम और नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम की निगरानी करते नजर आए. प्रशासन की सक्रियता और सजगता ने इस आयोजन को पूरी तरह सफल और शांतिपूर्ण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

गोपालगंज में शांतिपूर्ण माहौल में निकली भव्य रामनवमी शोभायात्रा,  दिखी आस्था और एकता की झलक

कार्यक्रम के संयोजक पलतू कुमार ने बताया कि रामनवमी के पावन अवसर पर निकाली गई इस शोभायात्रा को जिलेवासियों का भरपूर सहयोग मिला. उन्होंने कहा कि न सिर्फ आम जनता, बल्कि जनप्रतिनिधियों ने भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसके लिए वे सभी के प्रति तहे दिल से आभार व्यक्त करते हैं. उन्होंने आगे कहा कि “मैं पूरे जिलेवासियों का धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने अपना कीमती समय निकालकर इस शोभायात्रा में भाग लिया और इसे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग दिया. मेरी भगवान श्रीराम से यही प्रार्थना है कि वे सभी को स्वस्थ, सुखी और समृद्ध रखें और पूरे जिले में शांति और भाईचारे का माहौल बनाए रखें.” कुल मिलाकर, गोपालगंज में आयोजित यह रामनवमी शोभायात्रा श्रद्धा, उत्साह और प्रशासनिक सतर्कता का एक बेहतरीन उदाहरण बनकर सामने आई, जिसने सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का मजबूत संदेश दिया.

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट--