समस्तीपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर 24 अक्टूबर को बिहार के समस्तीपुर आ रहे हैं. पीएम समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम स्थित कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. इसके बाद वो बिहार विधानसभा 2025 का चुनावी शंखनाद करेंगे. इसको लेकर एनडीए ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के पैतृक घर स्मृति भवन पर माल्यार्पण के बाद उनके यादों को संजोए झोपड़ी का अवलोकन करेंगे. फिर वे समस्तीपुर के दुधपुरा स्थित जेल ग्राउंड में आयोजित एनडीए की भव्य चुनावी सभा को सम्बोधित करेंगे.
पीएम के साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं एनडीए के कई मंत्री, नेता और प्रत्याशी चुनावी सभा में मौजूद रहेंगे. गौरतलब है कि पीएम के कार्यक्रम को लेकर पूरे समस्तीपुर की सीमा को सील कर ऐसी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है कि परिंदा भी पर नहीं मार सके. पीएम की सभा को लेकर समस्तीपुर के एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ ही स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है.
