बांकीपुर उपचुनाव : राघोपुर के पूर्व विधायक सतीश के घर में दो धड़े, पिता मांग रहे BJP के लिए वोट तो बेटा और महंत कर रहे PK का प्रचार
वैशाली : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले राघोपुर के पूर्व विधायक सतीश कुमार के घर से जुड़ी एक वायरल वीडियो ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है. वायरल वीडियो पटना के मीठापुर स्थित मठ का बताया जा रहा है. इसमें जन स्वराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की मौजूदगी में महंत ब्रजेश मुनि लोगों से PK के पक्ष में वोट देने की अपील करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में सतीश कुमार के पुत्र डॉ. इंद्रजीत कुमार मोबाइल से रिकॉर्डिंग करते और ताली बजाते दिख रहे हैं. महंत ब्रजेश मुनि मंच से प्रशांत किशोर को सिर्फ विधायक नहीं, बल्कि सीएम बनाने की बात भी कह रहे हैं.
दिलचस्प बात ये है कि वीडियो वायरल होने के ठीक उलट, पूर्व विधायक सतीश कुमार खुद बांकीपुर उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांग रहे हैं.
वहीं उनके सबसे करीबी माने जाने वाले महंत ब्रजेश मुनि और उनके बेटे डॉ. इंद्रजीत कुमार जन स्वराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर के लिए प्रचार में जुटे हैं.
सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. लोग कह रहे हैं कि सतीश कुमार एक तरफBJP के लिए वोट मांग रहे हैं और दूसरी तरफ उनके परिवार और करीबी लोगPK के लिए माहौल बना रहे हैं.
कई लोग इसे "घर में दो खेमा" बताकर उप चुनाव पर इसके असर को लेकर अटकलें भी लगा रहे हैं.
बांकीपुर उप चुनाव को लेकर बिहार में सियासी गर्मी पहले से है और इस वीडियो के बाद समीकरण और पेचीदा होते दिख रहे हैं.
ऋषभ कुमार की रिपोर्ट-





