साहेबगंज: बड़ी खबर साहेबगंज से है जहां वन विभाग को प्रतिबंधित जलीय जीवों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है. वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर साहेबगंज से 1 बड़े साइज का कछुआ और बरहरवा से 2 छोटे साइज का कछुआ जब्त किया है.

साहेबगंज में वन विभाग ने ट्रेन में छापेमारी कर 3 कछुआ किया बरामद

बताया जा रहा है कि साहेबगंज डीएफओ प्रबल गर्ग को मिली सूचना पर उन्होंने वन विभाग की अपनी टीम के साथ आरपीएफ व नगर थाना पुलिस के सहयोग से शुक्रवार देर शाम साहेबगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर खड़ी डाउन14004आंनद विहार एक्सप्रेस ट्रेन में छापेमारी कर एक बड़े साइज करीब21किलो का कछुआ बरामद कर लिया है. ये कछुआ एक बैग में भरकर ट्रेन की बोगी में रखा हुआ था. ट्रेन की तलाशी के दौरान एक बोगी में संदिग्ध अवस्था में एक पिट्ठू बैग बरामद किया गया. बैग खोलने पर उसमें21किलो का कछुआ बरामद हुआ है. इधर ट्रेन खुलने के बाद बरहरवा में भी तलाशी ली गई तो बरहरवा में भी उसी तरह के2छोटे साइज का कछुआ गमछे में लिपटा हुआ अलग-अलग पिट्ठू बैग से जब्त किया गया है.

इसकी जानकारी देते हुए डीएफओ प्रबल गर्ग ने बताया कि बिहार,भागलपुर वन विभाग से उन्हें जानकारी मिली कि डाउन आंनद विहार एक्सप्रेस ट्रेन से प्रतिबंधित वन्य प्राणी कछुआ को तस्करी कर ले जाया जा रहा है. भागलपुर स्टेशन में भी कुछ कछुआ बरामद किया गया है. सूचना मिलने पर तत्काल साहेबगंज वन विभाग की टीम ने आरपीएफ,साहेबगंज नगर थाना की पुलिस व स्टेशन प्रबंधक के सहयोग से ट्रेन में छापेमारी की तो साहेबगंज में ट्रेन से एक बड़े साइज करीब21किलो का निलसोमिया गंजेटिक कछुआ बरामद किया गया. फिर साहेबगंज से उक्त ट्रेन खुल जाने पर आगे बरहरवा स्टेशन में दो और कछुआ बरामद किया गया. मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. छापेमारी में डीएफओ के अलावे वन विभाग के वन क्षेत्र पदाधिकारी राणा रणजीत चौधरी,वन रक्षी अंकित झा,वन प्रहरी अभिषेक आनंद,जेडएसआई ऑइंड्रिला पॉल,रेस्क्यूर जितेंद्र हजारी,स्टेशन मास्टर राजहंस पाठक,आरपीएफ इंस्पेक्टर क्रिस्टोफर किस्कू,एमसी यादव,आरके तिवारी,नगर थाना इंस्पेक्टर अमित गुप्ता,एसआई प्रदीप कुमार महतो,प्रवीण प्रभाकर,मुरली मनोहर सिंह,एएसआई अजय कुमार,बरहरवा प्रक्षेत्र वन रक्षी पप्पू यादव,प्रेम कुमार,राजेश टूडू मौजूद थे.