पटना : जापान में आयोजित 20वें एशियन गेम्स 2026 में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. इस दौरान उन्होंने कबड्डी और तैराकी समेत कई खेल स्पर्धाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखा और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिस्पर्धा, खिलाड़ियों की तैयारी तथा खेल प्रबंधन की व्यवस्थाओं को करीब से समझा.

एशियन गेम्स में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कबड्डी और तैराकी प्रतियोगिताओं का लिया जायजा

प्रतियोगिताओं के दौरान खेल मंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया. उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन को प्रत्यक्ष रूप से देखना खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को समझने का महत्वपूर्ण अनुभव है.

बिहार के खिलाड़ियों को मिलेंगे बेहतर अवसर

खेल मंत्री ने कहा कि बिहार में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर,आधुनिक सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है. अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजन बिहार के युवा खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं.

उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि देश के खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं. बिहार के युवा खिलाड़ी भी इन सफलताओं से प्रेरणा लेकर कड़ी मेहनत करें और अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर राज्य और देश का नाम रोशन करने की दिशा में आगे बढ़ें.

नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट--