गयाजी- पितृपक्ष मेले में श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ गया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड के पास एक मकान में छापेमारी कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, इनके पास से करीब 44 मोबाइल फोन, 24 हजार रुपये नकद और हथौड़ी, प्लास व चाकू समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं

AI-CCTV ने खोली मोबाइल चोरों की पोल, मोबाइल चोर गिरोह के 7 सदस्य गिरफ्तार, चोरों के पास से 44 मोबाइल बरामद

गया के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पिछले छह-सात दिनों से मेला क्षेत्र में मोबाइल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं. इसके बाद विशेष टीम गठित कर संदिग्धों की पहचान शुरू की गई. मेला क्षेत्र में लगाए गए 500 से अधिक CCTV कैमरों के साथ पहली बार AI तकनीक की भी मदद ली गई. AI के जरिए संदिग्धों के मूवमेंट, कपड़े और रूट की जानकारी जुटाई गईपुलिस के अनुसार पहले धनबाद निवासी पप्पू दत्ता को गिरफ्तार किया गया था, जिसके पास से 6 मोबाइल मिले थे, उससे मिले सुराग और तकनीकी जांच के आधार पर 7 आरोपियों तक पुलिस पहुंची. सभी आरोपी असम के बताए जा रहे हैं और संगठित तरीके से मोबाइल चोरी करते थे

पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइलों के IMEI और शिकायतों के आधार पर वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें मोबाइल वापस किए जाएंगे. बाहर जा चुके श्रद्धालुओं को मोबाइल कोरियर से भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी. वहीं मकान मालिक के खिलाफ भी सत्यापन नहीं कराने को लेकर कार्रवाई की जा रही है

गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट