रोहतास जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र में SBI CSP सेंटर को लूटने वाले अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया. इन लोगों ने बंदूक की नोंक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने मामले में 3 अंतर जिला अपराधी को गिरफ्तार किया है. घटना 23 जनवरी 2024 की है. मोहनी में स्थित एसबीआई सीएसपी केंद्र को इन अपराधियों ने लूट लिया था. सीएसपी संचालक अभय कुमार के आवेदन पर यह मामला दर्ज किया गया था. जहां पुलिस ने अंतर जिला 3 अपराधी को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्त में आये तीनों अपराधी भोजपुर के रहनेवाले

बिक्रमगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार संजय ने बताया कि 23 जनवरी को दो लाख तीस हजार रुपये, एक लैपटॉप, मोबाइल की लूट हुई थी. पिस्टल के बल पर वारदात को अंजाम दिया गया था. बिक्रमगंज-आरा मुख्य मार्ग पर सीएसपी सेंटर को खोलने के समय सुबह 11 बजे लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था. मामले की जांच की जांच के लिये टीम का गठन किया गया था. अनुसंधान और तकनीकी सहयोग के आधार पर भोजपुर के गड़हणी थाना इलाके में कांड के संदिग्ध भगवान जी यादव को गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल और लैपटॉप बरामद किया गया. साथ ही लैपटॉप रखने वाले और मोबाइल खरीदने वाला भी गिरफ्तार कर लिया गया.

कांड में शामिल मुख्य सरगना रणवीर राय गड़हणी के अंगियांव का रहनेवाल है. वो भोजपुर छपरा जेल में हैं. जबकि एक अन्य अपराधी राहुल राय गड़हणी में की गई छापेमारी के दौरान फरार हो गया. पुलिस ने इस मामले में भगवान जी यादव, भोजपुर के चौड़ी थाना के सुनील कुमार और चचरा थाना इलाके के पवन कुमार को गिरफ्तार किया है. सभी का आपराधिक इतिहास रहा है. इन आरोपियों के पास से दो मोबाइल और एक लैपटॉप बरामद किया गया है.