पटना: बिहार में खेल के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने 2030 एफआईएच महिला हॉकी विश्वकप की मेजबानी की तैयारी शुरू कर दी है। खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के अनुसार, विश्वकप आयोजन को लेकर बिहार सरकार की ओर से दिए गए प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया है। इस आयोजन के लिए राजगीर को प्रमुख केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है।
जापान में आयोजित एशियन गेम्स के दौरान 2030 एफआईएच महिला हॉकी विश्वकप की मेजबानी से जुड़े प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इस दौरान खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विभाग के सचिव दीपक आनंद और भारतीय हॉकी फेडरेशन के सेक्रेटरी जनरल भोला सिंह मौजूद रहे।
खेल मंत्री ने कहा कि विश्वकप की मेजबानी बिहार के लिए अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में अपनी पहचान मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगी। दुनिया की श्रेष्ठ महिला हॉकी खिलाड़ियों के बिहार आने से राज्य की युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल को करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। श्रेयसी सिंह ने कहा कि लक्ष्य है कि दुनिया की बेटियां बिहार आए और बिहार की बेटियां दुनिया तक जाएं।
उन्होंने कहा कि आयोजन से बिहार में महिला हॉकी को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए सकारात्मक माहौल तैयार होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन युवा खिलाड़ियों को नए लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित करेगा।
राजगीर पहले भी बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी आयोजनों की सफल मेजबानी कर चुका है। नवंबर 2024 में यहां महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हुआ था, जिसमें भारतीय टीम ने चीन को हराकर खिताब जीता था। वहीं 2025 में राजगीर में पुरुष एशिया कप हॉकी का आयोजन हुआ और भारत ने खिताब अपने नाम किया।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट

