बोकारो पुलिस ने आरोपी नौशाद को भेजा जेल, आरोपी के पिता ने बेटे के बारे में क्या कहा ? -पढ़िये खबर में
बोकारो : पहलगाम आतंकी हमले के बाद बोकारो के मखदुमपुर मिल्लत नगर के रहने वाले मोहम्मद नौशाद ने पाकिस्तान और आतंकवादियों को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर थैंक यू कहा था. इस मामले को लेकर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद नौशाद को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है. वहीं इस मामले में जांच तेज हो चुकी है.मामले में बालीडीह थाना पुलिस ने गुरुवार को आरोपी मोहम्मद नौशाद के मिल्लत नगर स्थित उसके घर पहुंच कर मामले के संबंध में जांच करते हुए परिजनों से पूछताछ की. हालांकि पुलिस ने इस मामले में कुछ भी नहीं कहा और मामले की जांच किए जाने की बात कही.वहीं आरोपी नौशाद के पिता मोहम्मद मुस्ताक उर्फ बशीर ने कहा कि बेटे ने जो हरकत की है वो गलत है. पिता ने कहा कि उसके चलते आज हमलोगों की बदनामी हो रही है. हालांकि पिता ने उसका बचाव भी किया और कहा कि उसकी मानसिक स्थिति दो साल से ठीक नहीं है. वह अपने मां, पिता और बहन के साथ मारपीट भी करता था. उन्होंने उसका इलाज करने के बजाए सिटी पार्क मजार में ले जाकर उसका धार्मिक इलाज कराया था. उन्होंने कहा कि उसने यह हरकत क्यों की यह हमें भी समझ में नहीं आ रहा है. आज पूरा परिवार उसके कारण परेशान है.
