देशभर के लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक अहम खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की विषयवार परीक्षा तिथि जारी कर दी है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, यह परीक्षा 14 दिसंबर से 21 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगी। ध्यान देने वाली बात यह है कि परीक्षा 14 से 18 दिसंबर और फिर 21 दिसंबर को ली जाएगी, जबकि 19 और 20 दिसंबर को परीक्षा नहीं होगी। देशभर से करीब 9.60 लाख से अधिक अभ्यर्थी इस सत्र में शामिल होने जा रहे हैं। ]परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक आयोजित की जाएगी।

प्रत्येक पाली तीन घंटे की होगी और परीक्षा कंप्यूटर आधारित यानी सीबीटी मोड में ली जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे अपनी परीक्षा तिथि और पाली के अनुसार समय पर केंद्र पहुँचने की योजना बनाएं, क्योंकि रिपोर्टिंग टाइम परीक्षा समय से अलग हो सकता है और इसकी विस्तृत जानकारी एडमिट कार्ड पर दी जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि का विशेष ध्यान रखना होगा। एनटीए की ओर से जारी विषयवार कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 87 विषयों में से अपने विषय के अनुसार परीक्षा की तिथि और पाली की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। चूँकि अलग-अलग विषयों की परीक्षा अलग-अलग दिनों और पालियों में निर्धारित है, इसलिए किसी भी तरह की भ्रम की स्थिति से बचने के लिए आधिकारिक शेड्यूल को ध्यान से जांचना बेहद ज़रूरी है। अभ्यर्थी ugcnet.nta.nic.in पर जाकर विषयवार समय-सारिणी देख सकते हैं और सिटी इंटीमेशन स्लिप व एडमिट कार्ड से जुड़े अपडेट्स पर नज़र रख सकते हैं।

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी गई है। अब जबकि परीक्षा की तारीखें सामने आ चुकी हैं, तो यह समय अपनी रिवीजन रणनीति को अंतिम रूप देने का है।यूजीसी नेट में दो पेपर होते हैं—पहला पेपर शिक्षण और शोध योग्यता से जुड़ा होता है, और दूसरा पेपर अभ्यर्थी के चुने हुए विषय पर आधारित होता है। अभ्यर्थी पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों, मॉक टेस्ट और कमजोर टॉपिक्स के दोहराव पर ध्यान दें, ताकि परीक्षा के दिन समय प्रबंधन बेहतर हो सके।