SAHARSA : सहरसा में भारत बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सहरसा कचहरी हॉल्ट पर सुपौल-सहरसा पैसेंजर ट्रेन को रोककर घंटों प्रदर्शन किया, जिससे रेल यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सहरसा में भारत बंद का दिखा असर, प्रदर्शनकारियों ने रोकी ट्रेन, घंटों किया प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों ने रोकी ट्रेन

एससी-एसटी आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर भीम सेना, बसपा, माले, सीपीआई और केंद्र सरकार की सहयोगी पार्टी लोजपा (रामविलास) के नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आज भारत बंद का समर्थन किया। इस कड़ी में भीम सेना, बसपा, माले समेत कई पार्टी के नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर सहरसा कचहरी हॉल्ट पहुंचे, जहां सुपौल-सहरसा पैसेंजर ट्रेन को रोककर जमकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।

सहरसा में भारत बंद का दिखा असर, प्रदर्शनकारियों ने रोकी ट्रेन, घंटों किया प्रदर्शन

आखिर भारत बंद क्यों?

सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में अपने एक फैसले में SC-ST के लोगों के बीच में ही अलग-अलग श्रेणियां बनाने की राज्य सरकारों को मंजूरी दी थी। कोर्ट ने कहा था कि आरक्षण का सबसे अधिक फायदा जरूरतमंदों को मिलना चाहिए। ऐसे में इस फैसले के खिलाफ दलित और आदिवासी संगठनों के राष्ट्रीय परिसंघ (NACDAOR) ने भारत बंद का ऐलान किया है। कई संगठनों ने इस बंद का समर्थन किया है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ भारत बंद का आह्वान किया गया है क्योंकि कोर्ट के इस फैसले को दलित और आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों के खिलाफ बताया गया था। कोर्ट से इस फैसले को वापस लेने की मांग की जा रही है।