PATNA : बिहार की राजधानी पटना डेंगू का हॉटस्पॉट बन गया है। पटना में सबसे ज्यादा मरीज कंकड़बाग और अजीमाबाद में मिले रहे हैं। पटना में डेंगू के 33 और राज्यभर में 53 नये मरीज मिले है। कंकड़बाग से 8, अजीमाबाद से 6, एनसीसी अंचल से 5, पटना सिटी से 4, बांकीपुर अंचल से दो और पाटलिपुत्र अंचल से एक मरीज मिला है। फिलहाल अन्य मरीजों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। अब राज्य में कुल डेंगू मरीजों की संख्या 280 के पार पहुंच गई है।
पटना में डेंगू का क़हर
आपको बता दें कि एक दिन पहले भी पटना में 18 डेंगू मरीज मिले थे। पटना में इस साल सबसे ज्यादा मरीज कंकड़बाग, अजीमाबाद और बांकीपुर अंचल में मिल रहे हैं। यह इलाका डेंगू का सबसे बड़ा हॉट स्पॉट बन गया है। पटना के कुल डेंगू पीड़ितों में आधे से ज्यादा इन्हीं तीन अंचलों से मिले हैं।
राजधानी का ये इलाका बना हॉटस्पॉट
कंकड़बाग अंचल में अबतक 70 डेंगू संक्रमित मरीज मिले हैं। कंकड़बाग अंचल के योगीपुर, चित्रगुप्तनगर, बैंकमेंस कॉलोनी, काली मंदिर रोड, अगला हनुमाननगर, भूतनाथ रोड, अगमकुआं थाने के आसपास के मोहल्ले अब डेंगू के हॉट स्पॉट बन गए हैं।
बिहार में तेजी से पांव पसार रहा डेंगू
इस वर्ष 2024 में एक जनवरी से 30 अगस्त तक राज्य के विभिन्न जिलों की बात करें तो 728 लोग डेंगू से पीड़ित हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के प्रत्येक जिलों की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को पटना में 33, दरभंगा 3, बेगूसराय 3, मुजफ्फरपुर 2, नालंदा 2, सीवान में 2 डेंगू मरीज मिले। वहीं, अरवल, भागलपुर, जहानाबाद, कटिहार, मधुबनी, नवादा, सारण और वैशाली में एक-एक मरीज मिले हैं।

