Hindi News / राजस्थान के एमपीयूएटी के फार्म मशीनरी टेस्टिंग सेंटर का बिहार के कृषि मंत्री...

BIG NEWS : राजस्थान के एमपीयूएटी के फार्म मशीनरी टेस्टिंग सेंटर का बिहार के कृषि मंत्री ने किया भ्रमण

Edited By:  |
big news big news

बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को राजस्थान के उदयपुर स्थित महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) के फार्म मशीनरी टेस्टिंग सेंटर का भ्रमण किया. इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध आधुनिक परीक्षण सुविधाओं एवं कृषि यंत्रों के परीक्षण की वैज्ञानिक प्रक्रिया का अवलोकन किया.

भ्रमण के दौरान कृषि मंत्री ने विशेषज्ञों से विभिन्न कृषि यंत्रों के प्रदर्शन, परीक्षण मानकों एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने कहा कि कृषि यंत्रीकरण केवल मशीनों की उपलब्धता तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों तक सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और उच्च कार्यक्षमता वाले कृषि यंत्र पहुंचाना भी उतना ही आवश्यक है. इसके लिए वैज्ञानिक परीक्षण एवं गुणवत्ता प्रमाणन की सुदृढ़ व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण है.

सिन्हा ने कहा कि यहां धातु संरचना परीक्षण,इंजन परीक्षण,स्प्रे ड्रॉपलेट विश्लेषण,स्प्रेयर परीक्षण प्रयोगशाला जैसी अत्याधुनिक परीक्षण सुविधाएं कृषि यंत्रों की कार्यक्षमता,सुरक्षा एवं गुणवत्ता का वैज्ञानिक मूल्यांकन सुनिश्चित करती है. ऐसी व्यवस्थाएं कृषि यंत्रीकरण को अधिक विश्वसनीय एवं किसान हितैषी बनाती हैं.

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संस्थानों के अनुभवों से बिहार में कृषि यंत्रीकरण कार्यक्रमों को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा. इससे किसानों को अधिक टिकाऊ,भरोसेमंद और दक्ष कृषि यंत्र उपलब्ध होंगे,जिससे खेती की लागत कम होगी और उत्पादकता बढ़ेगी.

मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य केवल कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराना नहीं,बल्कि किसानों को विश्वसनीय,सुरक्षित और उच्च कार्यक्षमता वाले कृषि यंत्र उपलब्ध कराना है. इसके लिए देश के अग्रणी परीक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों के साथ तकनीकी सहयोग,प्रशिक्षण तथा ज्ञान के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि उदयपुर स्थित इस केंद्र में विकसित परीक्षण प्रणाली,आधुनिक प्रयोगशालाओं तथा गुणवत्ता मूल्यांकन की प्रक्रियाओं का अध्ययन बिहार में कृषि यंत्रों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने,तकनीकी क्षमता बढ़ाने तथा किसानों के हित में बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करने में उपयोगी सिद्ध होगा.

संजय कुमार की रिपोर्ट--