PATNA :बिहार में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। खासतौर से राजधानी पटना में डेंगू के डंक से अधिकतर इलाके प्रभावित हैं। पटना के कंकड़बाग, अजीमाबाद, बांकीपुर और पाटलिपुत्र अंचल डेंगू के हॉटस्पॉट बने हुए हैं। यहां लगातार डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।
डेंगू से कराह रहा बिहार
इसके अलावा पश्चिमी चंपारण में डेंगू के 15 नए मामले सामने आए हैं। एक आंकड़े के अनुसार राज्य के सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में 55 से अधिक डेंगू मरीज एडमिट हैं, जिनका इलाज चल रहा है जबकि सूबे में अब तक डेंगू के 1856 मामले सामने आ चुके हैं।
अबतक 7 की हो चुकी है मौत
अगर पटना की बात करें तो पटना में अब तक 870 डेंगू के मामले सामने आए हैं। इस वर्ष प्रदेश में अब तक डेंगू से 7 मरीजों की मौत हो चुकी है। बीते 24 घंटे में बिहार में मिले 82 डेंगू पॉजिटिव रिपोर्ट में मुंगेर में 4, पूर्वी चंपारण और समस्तीपुर में 3-3 मामले मिले हैं। इसके अलावा राज्य के 19 जिलों में डेंगू के नये मामले सामने आए हैं। ऐसा कहा जा सकता है कि डेंगू से बिहार कराह रहा है।
