Hindi News / 18 मई से सचिवालय कर्मियों के लिए विशेष ई-बस और पिंक बस सेवा...

सचिवालय कर्मियों के लिए विशेष ई-बस सेवा : 18 मई से सचिवालय कर्मियों के लिए विशेष ई-बस और पिंक बस सेवा शुरू

Edited By:  |
Special e-bus service for secretariat employees Special e-bus service for secretariat employees

पटना- राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के उद्देश्य से बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा सचिवालय कर्मियों के लिए 18 मई से विशेष इलेक्ट्रिक एवं पिंक बस सेवा शुरू की जा रही है। परिवहन सचिव श्री राज कुमार ने बताया कि इस पहल से बड़ी संख्या में सरकारी कर्मियों को सुरक्षित, सुलभ एवं समयबद्ध आवागमन सुविधा मिलेगी तथा निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने से ईंधन की बचत को बढ़ावा मिलेगा।

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने बताया कि बड़ी संख्या में सरकारी कर्मी प्रतिदिन निजी कार एवं बाइक से सचिवालय आते-जाते हैं, जिससे शहर में ट्रैफिक दबाव बढ़ने के साथ-साथ पेट्रोल-डीजल की खपत भी अधिक होती है। विशेष इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से सरकारी कर्मियों को सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा। इससे निजी वाहनों के उपयोग में कमी आएगी तथा प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल की बचत संभव हो सकेगी।बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा वर्तमान में पटना शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसों का सफल परिचालन किया जा रहा है। अब इन बसों का उपयोग सचिवालय कर्मियों के नियमित आवागमन के लिए भी किया जाएगा।

इलेक्ट्रिक बसों के नियमित परिचालन से “नो फ्यूल” आधारित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। बड़ी संख्या में लोग यदि निजी वाहनों के बजाय इलेक्ट्रिक बसों का उपयोग करेंगे तो इससे ईंधन की खपत कम होगी तथा आम लोगों के परिवहन खर्च में भी कमी आएगी। यह पहल राज्य में ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। यह विशेष इलेक्ट्रिक एवं पिंक बस सेवा विभिन्न क्षेत्रों से संचालित होगी। बसें सीधे नया सचिवालय एवं पुराना सचिवालय तक जाएंगी। सुबह कार्यालय अवधि में विभिन्न क्षेत्रों से सचिवालय के लिए बसें उपलब्ध रहेंगी तथा शाम में सचिवालय से संबंधित क्षेत्रों के लिए वापसी सेवा संचालित होगी। महिला कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शाम 5 बजे छुट्टी के समय भी विशेष बस सेवा उपलब्ध रहेगी।

मल्टी मॉडल हब (पटना जंक्शन) से इलेक्ट्रिक एवं पिंक बस सेवा संचालित की जाएगी। यह सेवा मल्टी मॉडल हब (पटना जंक्शन) से शुरू होकर आर ब्लॉक, इनकम टैक्स, विद्युत भवन, पटना उच्च न्यायालय, बिहार म्यूजियम होते हुए सचिवालय तक संचालित होगी। सुबह बसें 8.30 बजे से प्रारंभ होंगी तथा शाम में सचिवालय से वापसी सेवा उपलब्ध रहेगी। दानापुर स्टेशन से विशेष इलेक्ट्रिक एवं पिंक बस सेवा संचालित की जाएगी। यह सेवा सगुना मोड़, आरपीएस मोड़, गोला रोड, जगदेव पथ, आशियाना नगर, आईजीआईएमएस, शेखपुरा मोड़ एवं चिड़ियाघर होते हुए सचिवालय तक पहुंचेगी। इस रूट पर सुबह 8.15 बजे से बस सेवा प्रारंभ होगी।

यह विशेष सेवा धनुकी मोड़ से शुरू होकर कुम्हरार, भूतनाथ रोड़, एनएमसीएच, राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, करबिगहिया स्टेशन एवं आर ब्लॉक होते हुए विकास भवन तक संचालित होगी। कुर्जी से पिंक बस सेवा संचालित की जाएगी। यह सेवा पी एंड एम मॉल, साईं मंदिर, पाटलिपुत्र कॉलोनी, ए.एन. कॉलेज, बोरिंग रोड चौराहा एवं हडताली मोड़ होते हुए सचिवालय तक जाएगी। गांधी मैदान से विशेष इलेक्ट्रिक एवं पिंक बस सेवा संचालित होगी। यह सेवा डाकबंगला चौराहा, इनकम टैक्स, नियोजन भवन, विद्युत भवन, हाईकोर्ट एवं बिहार म्यूजियम होते हुए सचिवालय क्षेत्र तक जाएगी।

पटना से अंकित कुमार की रिपोर्ट