नौसेना के नये चीफ बने एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी : पदभार संभालने के बाद भरी हुंकार, जानिए किस तरह की जंग में है महारथ हासिल

Edited By:  |
Admiral Dinesh Kumar Tripathi becomes the new Chief of Navy Admiral Dinesh Kumar Tripathi becomes the new Chief of Navy

NEWS DESK : एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने मंगलवार को 26वें नौसेना प्रमुख का पदभार संभाल लिया है। इससे पहले आर. हरि कुमार नौसेना अध्यक्ष थे, जो आज सेवानिवृत हो गये। इससे पहले एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी नौसेना के उप-प्रमुख थे। 19 अप्रैल को सरकार द्वारा एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी को नौसेना प्रमुख बनाए जाने की घोषणा की गई थी। वे संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ हैं।

नौसेना प्रमुख बनने पर दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि "नमस्कार, भारतीय नौसेना का 26वां नौसेना अध्यक्ष बनने पर मुझे अत्यंत गर्व और सम्मान की अनुभूति हो रही है। मुझसे पहले 25 नौसेना अध्यक्षों ने अपनी कर्मठता और समर्पण से हमारी नौसेना को युद्ध तत्पर, विश्वसनीय, सुगठित और भविष्य की ताकत बनाई है। मेरा प्रयास रहेगा कि मैं भारतीय नौसेना को अधिक आत्मनिर्भर और मजबूत बनाऊं।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मेरी पूरी कोशिश रहेगी कि भारतीय नौसेना, हमारे देश के समुद्री हित और समुद्री रक्षा दोनों पर हरदम खरी उतरे - कभी भी, कहीं भी, कैसे भी. मैं आप लोगों द्वारा सभी भारतीयों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि आपकी नौसेना हरदम "राष्ट्र प्रथम" के मंत्र का पालन करते हुए आपके साथ खड़ी है।"

विदित है कि नौसेना प्रमुख दिनेश कुमार त्रिपाठी का जन्म 15 मई 1964 को हुआ था। उन्हें 1 जुलाई, 1985 को भारतीय नौसेना की कार्यकारी शाखा में नियुक्त किया गया था। वे संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ हैं। नौसेना में उनकी लगभग 39 वर्षों की लंबी और विशिष्ट सेवा रही है।


Copy