चैंबर ऑफ कॉमर्स ने मनाया शताब्दी वर्ष : सीएम सम्राट चौधरी बोले-बिहार में अधिक से अधिक निवेश और उद्योग स्थापित करना लक्ष्य
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा शताब्दी वर्ष पूरा होने पर आयोजित 'व्यवसायिक समागम' कार्यक्रम में शामिल हुए. सीएम ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. 'व्यवसाय, राजनीति और विकास'थीम पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था.
बिहार उन्नति के पथ पर बढ़ेआगे-सीएम
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए यह गौरव का क्षण है कि बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स 100 वर्षों से लगातार बिहार की समृद्धि और बिहार को आगे बढ़ाने में अपना सहयोग कर रहा है. आप सभी अपने व्यवसायी के साथ-साथ समाज की उन्नति और कल्याण के लिए भी काम करते रहें, हम यही चाहते हैं. बिहार उन्नति के पथ पर आगे बढ़े और सामाजिक संरचना में बेहतरी आये इसके लिए आप सब मिलकर काम करें. उन्होंने कहा कि वर्ष 1926 में बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज की स्थापना हुई थी, उस समय बिहार में लोकतंत्र स्थापित था और जब मतदान की प्रक्रिया शुरू हो रही थी, वह ऐतिहासिक क्षण रहा होगा.
औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए बनाई गईनिवेश प्रोत्साहन पैकेज
सम्राट चौधरी ने कहा कि हमलोगों ने निजी निवेश को आकर्षित करने और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिये बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज-2025 बनाई है, उसमें संशोधन भी किए गए हैं. यदि आवश्यकता पड़ी तो उसमें और संशोधन किया जाएगा. उद्योग स्थापित करने के लिए सबसे आवश्यक दो चीज है भरोसा और सुरक्षा. बिहार में अधिक से अधिक निवेश हो और उद्योग स्थापित हो, इसमें बिहार चैंबर आफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री का महत्वपूर्ण योगदान है. बिहार में निवेश करने को लेकर कोई दिक्कत नहीं होगी, बड़ी संख्या में निवेशक बिहार की ओर आकर्षित हो रहे हैं और यहां निवेश करने के लिए आ रहे हैं. बिहार में अधिक से अधिक निवेशक आयें, इसका माध्यम बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री भी है. सभी के सहयोग से ही बिहार उन्नति से समृद्धि की ओर अग्रसर होगा. बिहार में ज्यादा से ज्यादा उद्योग स्थापित हो और निवेश बढ़े इससे ही बिहार की समृद्धि का रास्ता खुलेगा.
'बिहार में कोई भी हो कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता'
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अधिक से अधिक इंडस्ट्री लगाई जाए. हमने इंडिया की टॉप 10 उद्योग पॉलिसी बनाई हैं, लेकिन उसके हिसाब से अब तक यहां उद्योग स्थापित नहीं हुए या निवेश नहीं हो सका है. आपका भरोसा और सुरक्षा सुनिश्चित हो, इन दोनों पैरामीटर पर काम किया जा रहा है. आपकी सुरक्षा सरकार का दायित्व है. उन्होंने कहा कि अब कोई भी कहीं भी अपराध करता है तो प्राथमिकता के तौर पर 24 घंटे के अंदर उस पर कार्रवाई होती है. बिहार में कोई भी हो कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता. कुछ लोग जाति, धर्म की बात करते हैं. मेरा मानना है कि अपराधी का कोई जाति-धर्म नहीं होता अपराधी अपने ही कम्युनिटी और धर्म के लोगों को सबसे पहला टारगेट करता है. बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की सुरक्षा की चिंता सरकार करेगी. प्रत्येक 3 महीने पर आपके साथ जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक बैठक करेंगे और सुरक्षा या कोई भी समस्या हो उसका निदान किया जाएगा.
उद्योग के लिए पीपीपी मोड पर काम किया जा सकता है
इंडस्ट्री पॉलिसी में यदि कोई सुधार करना हो या कुछ जोड़ने की आवश्यकता हो तो वह भी किया जाएगा. पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र हो या कोई भी पुराना शहर हो, वहां जो जमीन उपलब्ध है वहां बिजनेस का नेचर बदला जा सकता है, चाहे सर्विस सेक्टर हो, आईटी सेक्टर हो, होटल सेक्टर हो सभी क्षेत्र में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. बिहार स्वर्णिम काल देने वाला यह धरती है. यहीं पाटलिपुत्र से 200 वर्ष तक देश पर राज किया गया. डॉ. श्रीकृष्ण सिंह आजादी से पहले प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने औद्योगिक विकास की कल्पना की, वहीं जननायक कर्पूरी ठाकुर जी ने सामाजिक न्याय के क्षेत्र में काम किया और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए काफी काम किया. यहां सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों को मुहैया कराई. नीतीश कुमार ने आपके बेसिक नीड को पूरा किया. सरकारी खजाने से उद्योग स्थापित नहीं किया जा सकता है सिर्फ जनकल्याण के कार्य किए जाते हैं. हालांकि, उद्योग के लिए पी०पी०पी० मोड पर काम किया जा सकता है.
सीएम ने बिहार के विभिन्न विकास कार्यों की चर्चा की
सीएम ने बिहार के विभिन्न विकास कार्यों की चर्चा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों का विकास तभी होगा और समृद्धि तभी आएगी जब न्याय के साथ विकास के पथ पर चलते हुए कार्य किया जाए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विकसित बनाने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं. जबकि, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सपना रहा है कि बिहार समृद्ध हो, इसके लिए हर स्तर से काम किया जा रहा है.
'बिहार में समृद्धि तभी आएगी जब सुशासन स्थापित रहेगा'
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंद चीनी मिलों को चालू करने के लिए इसे को-ऑपरेटिव सेक्टर से जोड़ा जा रहा है. बिहार 14 करोड़ लोगों का मार्केट है, क्योंकि देश की आबादी जहां 140 करोड़ है. वहीं,बिहार की आबादी 14 करोड़ है. कुछ दिन पहले ही क्रिकेट खिलाड़ी ईशान किशन को सम्मानित किया गया था. मोइनुल हक स्टेडियम को भी बेहतर ढंग से बनाया जा रहा है. बीसीसीआई से हम आग्रह करेंगे कि बिहार में भी एक आईपीएल की टीम बनायें ताकि यहां के खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका मिल सके. उन्होंने कहा कि बिहार में समृद्धि तभी आएगी जब यहां सुशासन स्थापित रहेगा. हमने प्रखण्ड, थाना और अंचल स्तर पर लोगों को होनेवाली समस्याओं के निदान के लिए सहयोग शिविर शुरू किया है.
बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार ज्ञान की भूमि है. हमलोग मॉडल स्कूल बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं. बिहार के बच्चों का भविष्य उज्जवल बनाने के लिए हर स्तर पर काम किया जा रहा है. बिहार के सभी 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल स्थापित किये जायेंगे. पटना में 10 मॉडल स्कूल, जबकि जिला मुख्यालयों में पांच मॉडल स्कूल और छोटा जिला मुख्यालय में दो से तीन मॉडल स्कूल खोले जाएंगे. बिहार में आर्यभट्ट, चाणक्य और डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे विभूति हुये हैं. यहां प्राचीन नालंदा यूनिवर्सिटी में 90 लाख किताबें थीं, जब उसमें आगजनी हुई तो 6 माह तक आग जलती रही. नालंदा यूनिवर्सिटी को पुनः स्थापित किया गया है. विक्रमशिला विश्वविद्यालय को भी पुनः स्थापित करना है. ओडिशा में गणित का विश्वविद्यालय और गुजरात में आर्किटेक्ट का विश्वविद्यालय है. बिहार में ऐसा विश्वविद्यालय स्थापित करना है जहां सारे फैकेल्टी की पढ़ाई हो सके. बच्चों को कैसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले इस पर सरकार लगातार काम कर रही है. ऑस्ट्रेलिया, यूनाईटेड किंगडम जैसे देशों में स्थापित महाविद्यालय में हमारे बच्चे पढ़ने जाते रहे हैं.
शताब्दी वर्षकार्यक्रम में तमाम अतिथि शामिल
शताब्दी वर्ष कार्यक्रम में बिहार चैंबर आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया. बिहार के विभिन्न जिलों से बिहार चैंबर आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज से जुड़े लोगों ने भी मुख्यमंत्री का अभिनन्दन किया.





