Hindi News / चमकी बुखार (AES) की रोकथाम को लेकर बिहार सरकार अलर्ट, मुख्य सचिव ने...

BIHAR NEWS : चमकी बुखार (AES) की रोकथाम को लेकर बिहार सरकार अलर्ट, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : बिहार में एक्यूट एन्सेफलाइटिस सिंड्रोम (AES)यानी चमकी बुखार और जापानी इन्सेफलाइटिस (JE)की रोकथाम को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में राज्य कार्यबल (State Task Force)की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने राज्य में अब तक की तैयारियों और प्रभावित जिलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया.

सरकार ने बताया कि मुजफ्फरपुर समेत 12 प्रभावित जिलों में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है. इन जिलों में कुल 15 पीआईसीयू (PICU)संचालित हैं. मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में 100 बेड का विशेषPICUऔर 60 बेड का एन्सेफलाइटिस वार्ड पूरी तरह तैयार है. मरीजों को त्वरित इलाज उपलब्ध कराने के लिए 959 एम्बुलेंस को रेफरल व्यवस्था से जोड़ा गया है.

मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि चमकी बुखार की रोकथाम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने निर्देश दिया कि सुबह 4 बजे से 6 बजे के बीच,जबAESके अधिकतर मामले सामने आते हैं,उस दौरान सभी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए. इसकी निगरानी दर्पण प्लस ऐप और 104 हेल्पलाइन के माध्यम से की जाएगी.

बैठक में विभिन्न विभागों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं. आंगनवाड़ी सेविकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को कुपोषित बच्चों की पहचान करने,शिक्षा विभाग को स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने तथा पीएचईडी को पेयजल स्रोतों की जांच और क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों और सिविल सर्जनों को अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करने तथा आपात स्थिति में बच्चों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-